नेवर गो बैक | लेखक: ली चाइल्ड | शृंखला: जैक रीचर | अनुवादक: विकास नैनवाल

2021 स्ट्रैन्ड क्रिटिक्स अवॉर्ड के विजेता हुए घोषित



2021 सट्रेन्ड क्रिटिक्स अवॉर्ड के विजेता हुए घोषित


वर्ष 2021 के स्ट्रैन्ड क्रिटिक्स अवॉर्डस की घोषणा की जा चुकी है। यह घोषणा हाल ही में एक आयोजित ऑनलाइन समारोह के दौरान की गयी। 

ज्ञात हो स्ट्रैन्ड एक जगप्रसिद्ध रहस्यकथा पत्रिका है जिसके द्वारा हर वर्ष रहस्यकथा शैली की उत्कृष्ट रचनाओं को स्ट्रैन्ड क्रिटिक्स अवॉर्ड द्वारा सम्मानित किया जाता है। पुरस्कार के लिए चयनित रचनाओं और विजेताओं का चुनाव आलोचकों और पत्रकारों का एक समूह करता है। यह पुरस्कार चार श्रेणियों में दिये जाते हैं। 

वर्ष 2021 के निर्णयाक मंडल में एनपीआर, यूएसए टुडे, द एलए टाइम्स, द वालस्ट्रीट जर्नल से जुड़े लोगों को रखा गया है।


वर्ष 2021 में अलग अलग श्रेणियों में जीतने वाले विजेता निम्न हैं:


सर्वश्रेष्ठ रहस्यकथा उपन्यास (Best Mystery Novel)

Best Mystery Novel: Snow - John Banville



सर्वश्रेष्ठ रहस्यकथा का पुरस्कार जॉन बैनविल (John Banville) के उपन्यास स्नो (Snow) को दिया गया है। 1945 में जन्में जॉन बैनविल आईरिश लेखक हैं जो कि अब तक 17 उपन्यास लिख चुके हैं। वह अपने उपन्यासों के लिए बुकर प्राइज़, जेम्स टेट मेमोरियल प्राइज़, फ़्रेन्ज काफ्का प्राइज़ जैसे कई पुरस्कारों से सम्मानित किये जा चुके हैं। वह बेंजामिन ब्लैक के लेखकीय नाम से क्वर्क शृंखला के उपन्यास भी लिखते हैं।  

किताब परिचय:

जब डिटेक्टिव इन्स्पेक्टर सेंट जॉन स्टेफोर्ड को एक कत्ल की तहकीकात के लिए डबलिन से बैलीग्लास हाउस बुलाया जाता है तो वह पाता है कि वहाँ रहने वाले ओसबोर्न परिवार के सदस्य उसे सच्चाई के निकट नहीं पहुँचने देना चाहते हैं। ओसबोर्न परिवार एक अमीर ताकतवर परिवार है जिसके सदस्यों के अपने कुछ ऐसे स्याह रहस्य है जो कि इस तहकीकत से उजाले में आ सकते हैं। 

लेकिन जॉन सभी मुश्किलातों का सामना कर रहस्य को सुलझाने के प्रति कटिबद्ध है। क्या वह कत्ल के इस रहस्य को सुलझा पाएगा या फिर एक और ताकतवर परिवार सच को छुपाने में कामयाब हो जाएगा। 


पुस्तक लिंक:  अमेज़न


बेस्ट डेब्यू नोवल (Best Debut Novel)

Best Debut Novel - When No One is Watching- Alyssa Cole



वर्ष 2021 का बेस्ट डेब्यू नॉवल पुरस्कार अलाईसा कोल (Alyssa Cole) के उपन्यास व्हेन नो वन इस वाचिंग (When No One Is Watching) को दिये जाने की घोषणा की गयी। 1982 मे जन्मी अलाईसा कोल (Alyssa Cole) अपने रोमांस उपन्यासों के लिए जानी जाती हैं। 2014 को उनका पुस्तक प्रकाशित हुई थी और अब तक वह 25 के करीब पुस्तकें लिख चुकी हैं। व्हेन नो वन इस वाचिंग (When No One Is Watching) उनका पहला मिस्टरी उपन्यास है। 

किताब परिचय

सिडनी ग्रीन ब्रुकलिन में पैदा हुई और यही पली बढ़ी है। पर अब सिडनी परेशान है। उसकी परेशानी का कारण उसके आस पड़ोस के लोग हैं जो कि अपनी जगहें छोड़ कर जा रहे हैं। हर दिन उसके आस-पास के लोग अपने घर बेच रहे हैं और उसकी और उसके मोहल्ले से गायब हो जाते हैं। उनकी जगह नए घर और नए पड़ोसियों ने ले ली है। इन सब बातों से चिढ़ी हुई सिडनी एक वॉकिंग टूर का आयोजन करने लगती है ताकि वह अपने आस पास के इतिहास और उसकी संस्कृति को बचा सकें। इस टूर में उसका पड़ोसी थियो भी उसके साथ हैं। 

लेकिन जैसे जैसे वह इस टूर के लिए जानकारी जुटाते हैं वैसे वैसे वह एक ऐसे गहरे राज की तरफ बढ़ते जाते हैं जो कि उनके होश फाख्ता कर देता है। घरों का बेचना और नए घरों का बनना उतना कानून नहीं है जितना की सिडनी से सोच था। उसके पड़ोसी घर बेच कर कहाँ गए ये चीज भी एक गुत्थी बनती जा रही है। 

क्या घरों की इन खरीदफरोख्त में कुछ गड़बड़ है? या फिर यह सिडनी के दिमाग की एक उपज है? 


पुस्तक लिंक: अमेज़न


पब्लिशर ऑफ़ द इयर अवार्ड (Publisher of the Year Award) 

हर वर्ष स्ट्रैंड पत्रिका प्रकाशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को पब्लिशर ऑफ़ द इयर अवार्ड (Publisher of the Year Award) से सम्मानित करते हैं। 

वर्ष 2021 का  पब्लिशर ऑफ़ द इयर अवार्ड (Publisher of the Year Award) ब्लैकस्टोन पब्लिशिंग (Blackstone Publishing) के सी ई ओ जोश स्टेंटन (Josh Stanton) को देने की घोषणा की गई है। जोश स्टेंटन द्वारा ब्लैक स्टोन पब्लिशिंग का कार्यभार दस वर्ष  पूर्व सम्भाला गया था। अपने इस कार्यकाल में उन्होंने अपने प्रकाशन द्वारा की जाने वाली बिक्री को तीन गुना किया है। यही नहीं उनके नेतृत्व में ब्लैकस्टोन अमेरिका में न केवल ऑडियो बुक्स (श्रव्य पुस्तकों) के सबसे बड़े प्रकाशकों के रूप में उभरे हैं बल्कि ई बुक और प्रिंटबुक के प्रकाशक के रूप में भी उसने काफी नाम कमाया है।

लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड्स (Lifetime Achievement Awards)

Life Time Achievement Award - Strand Critics Award 2021
स्टीफन किंग, जॉयस कैरल ओट्स, अलेक्जेंडर मैककॉल स्मिथ



वर्ष 2021 में स्ट्रैंड पत्रिका द्वारा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड स्टीफन किंग (Stephen King), जॉयस कैरोल ओट्स (Joyce Carol Oates) और एलेग्जेंडर  मैककॉल स्मिथ (Alexander McCall Smith) को दिए जाने की घोषणा की गई है। 

1947 में जन्में स्टीफन किंग एक अमेरिकी लेखक हैं जो कि अपनी हॉरर, सपसेन्स , अपराध कथा, विज्ञान गल्प इत्यादि शैलियों में लिखते हैं। वह अब तक 60  से ज्यादा उपन्यास और 200 से ज्यादा कहानियाँ लिख चुके हैं। ब्रेम स्टॉकर अवॉर्ड, वर्ल्ड फंतासी अवॉर्ड, ब्रिटिश फंतासी सोसाइटी अवॉर्ड,एडगर अवॉर्ड  जैसे कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से वह सम्मानित किये जा चुके हैं। मिज़री, क्रिस्टीन, डार्क टावर शृंखला, द स्टैन्ड,द शाइनिंग, सैलेम्स लॉट, द ग्रीन माइल उनके कुछ प्रसिद्ध उपन्यासों में से एक है। हाल ही में उनका उपन्यास बिली  समर्स पाठकों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। 

जॉयस कैरोल ओट्स अमेरिकी लेखिका हैं। 1938 में जन्मी ओट्स का पहला उपन्यास 1963 में प्रकाशित हुआ था। तब से लेकर आजतक वह 70 से ऊपर पुस्तकें प्रकाशित कर चुकी हैं। उपन्यास, कहानियाँ, निबंध और नाटक जैसी विधाओं में उन्होंने प्रचुर मात्रा में लिखा है। उनकी कई रचनाएँ पुलित्ज़र पुरस्कार के लिए नामांकित रचनाओं की फाइनलिस्ट्स रही हैं। वह रोसामंड स्मिथ और लॉरेन केली नाम से भी रचनाएँ प्रकाशित करती आई हैं। वह ओ हेनरी अवॉर्ड, ब्रेम स्टोकर अवॉर्ड जैसे कई पुरस्कार भी जीत चुकी हैं। 

ब्रिटिश लेखक एलेग्जेंडर मैककॉल स्मिथ का जन्म 1948 में दक्षिण रहोडेसिया (आज का जिंबावे) में हुआ था। वह मेडिकल लॉ के प्रोफेसर भी रह चुके हैं। उनके द्वारा लिखी गयी नंबर 1 लेडिज डिटेक्टिव एजेंसी पाठकों  के बीच में काफी प्रसिद्ध है। इस शृंखला का पहला उपन्यास 1998 में प्रकाशित हुआ था और अब तक वह इस शृंखला के 22 के करीब उपन्यास लिख चुके हैं। इसके अलावा 44 स्कॉटलैंड स्ट्रीट शृंखला, द संडे फिलोसिफिकल क्लब शृंखला, डिटेक्टिव वार्ग शृंखला जैसी कई और शृंखलाओं, कई बाल उपन्यासों, कई एकल उपन्यास मिलाकर 100 के करीब पुस्तकें वह लिख चुके हैं। 









FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

चाल पे चाल