नेवर गो बैक | लेखक: ली चाइल्ड | शृंखला: जैक रीचर | अनुवादक: विकास नैनवाल

नहीं रहे ब्रिटिश हॉरर लेखक गाय एन स्मिथ

नहीं रहे हॉरर लेखक गाय एन स्मिथ
गाय एन स्मिथ

ब्रिटिश लेखक गाय एन स्मिथ का 81 वर्ष की आयु में 24 दिसम्बर 2020 को निधन हो गया। अपने घर में गिरने के कारण लगी चोटों के चलते वो कुछ दिनों से हॉस्पिटल में थे। वह कोविड संक्रमित पाए गये थे जिससे उत्पन्न हुई जटिलताओं के कारण उनका देहान्त हुआ।

गाय एन स्मिथ ने अपने जीवन काल में कथेतर साहित्य, बाल साहित्य, इरोटिका जैसे अनेक विधाओं में लेखन कार्य किया था लेकिन वह अपने हॉरर उपन्यासों के लिए प्रसिद्ध थे।

गाय एन स्मिथ का जन्म 21 नवम्बर 1939  इंग्लैंड में हुआ था। उनके पिता एक बैंकर थे और माता एक लेखिका थीं। उनकी माता ने ही उनके लेखन को शुरुआत में प्रोत्साहन दिया है।

गाय एन स्मिथ की पहली कहानी 12 वर्ष की उम्र में ही एक स्थानीय अखबार में प्रकाशित हो गयी थी। 17 वर्ष की उम्र तक उनकी 55 कहानियाँ प्रकाशित हो चुकी थी। 

शुरुआत से ही गाय को निशानेबाजी  का शौक था और वह बन्दूकों के व्यापार में ही जाना चाहते थे लेकिन अपनी पिता की इच्छा का सम्मान करते हुए उन्होंने बैंकर के तौर पर अपनी पहली नौकरी करी। 1961 में उन्होंने एक 12 बोर की शॉटगन को डिजाईन किया 1960-67 के बीच में उन्होंने शॉटगन की गोलियों से जुड़ा व्यापार किया।

1960 के आखिरी और 1970 के शुरूआती वर्षों में उनका पूरा ध्यान निशानेबाजी के खेल (शूटिंग) पर ही केन्द्रित था और इस दौरान कई खेल पत्रिकाओं के लिए उन्होंने लेखन कार्य किया। 1970 में उन्होंने सेकंड हैण्ड किताबें बेचने का व्यापार शुरू किया जो कि आगे जाकर 'ब्लैक हिल बुक्स' नाम की प्रकाशन कम्पनी में तब्दील हुआ। उनका इरादा इसी व्यापार को इतना सफल बनाना था कि वह अपनी नौकरी छोड़ दें। लेकिन आखिरकार यह उनकी लेखनी ही थी जिसने उन्हें इतनी समृद्धि दी कि वो आखिरकार अपनी बैंकिंग की नौकरी छोड़ पाए। 

1970 के दशक के शुरूआती वर्षों में ही कई पत्रिकाओं के लिए उन्होंने कहानी लिखना शुरू कर दिया था। 1974 में गाय एन स्मिथ का पहला हॉरर उपन्यास 'वेरवुल्फ बाय मूनलाइट' न्यू इंग्लिश लाइब्रेरी द्वारा प्रकाशित किया गया था। यह उपन्यास इतना सफल हुआ कि इस श्रृंखला में उन्होंने दो और उपन्यास लिखे। गाय मानते थे कि उनको लेखक के तौर पर जिस उपन्यास ने स्थापित किया वह 1976 में प्रकाशित नाईट ऑफ़ द क्रैब्स था। इस श्रृंखला में उन्होंने आगे जाकर 7 उपन्यास लिखे। 2019 में प्रकाशित  द चैनल केव्स इस श्रृंखला का आखिरी उपन्यास था।

गाय एन स्मिथ लेखन की जिस भी विधा में हाथ आजमाते थे उसमें ही वह इतना कुछ लिख जाते थे कि उनकी इस खूबी के कारण उन्हें द ग्रेट स्क्रिबलर भी कहा जाता था।

अपने जीवन काल में 70 से ऊपर लिखे हॉरर उपन्यास के अलावा उन्होंने 1000 से ऊपर कहानियाँ और लेख प्रकाशित किये थे। उन्होंने जोनाथन गाय के छद्म नाम से बाल उपन्यासों की श्रृंखलाएँ लिखी थी और गेविन न्यूमैन के नाम से दो थ्रिलर उपन्यास लिखे थे। गाँव के मसलों से सम्बन्धित 12 कथेतर किताबें  भी उन्होंने लिखी थीं। 

अपने आखिरी वक्त तक गाय एन स्मिथ लेखन क्षेत्र में सक्रिय थे। उनके कई उपन्यास प्रकाशन के लिया तैयार थे और नव वर्ष में आने वाले थे।

- विकास नैनवाल 'अंजान'     
FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.
Tags

Post a Comment

2 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

चाल पे चाल