नेवर गो बैक | लेखक: ली चाइल्ड | शृंखला: जैक रीचर | अनुवादक: विकास नैनवाल

वर्ष 2021 के बुकर प्राइज़ के लिए शॉर्ट लिस्ट हुये उपन्यासों की सूची हुई जारी

वर्ष 2021 के बुकर प्राइज़ के लिए शॉर्ट लिस्ट किए हुए उपन्यासों की घोषणा 14 सितंबर 2021 को कर दी गयी। यह घोषणा एक ऑनलाइन समारोह के दौरान निर्णयाक समिति की अध्यक्षा माया जैसनोफ़ (Maya Jasanoff) द्वारा की गयी। 

वर्ष 2021 के बुकर  प्राइज़ के लिए छः उपन्यासों को चुना गया है। यह उपन्यास 158 उपन्यासों की वृहद सूची में से चुने गए। इस पुरस्कार के लिए वही उपन्यास मान्य थे जो कि 1 अक्टूबर 2020 से लेकर 30 सितंबर 2021 के बीच में यूके या आएरलैंड में प्रकाशित हुए थे। इस पुरस्कार के लिए किसी भी देश के लेखक मान्य होते हैं बशर्ते उनका उपन्यास अंग्रेजी में लिखा हो और वह यूके और आएरलैंड में प्रकाशित हुआ हो। 

इन छः पुस्तकों को 2021 की निर्णायक समिति जिसकी अध्यक्षा इतिहासकार माया जैसनोफ़(Maya Jasanoff) थीं ने चुना था। समिति में संपादक होरेशिया हैरोड (Horatia Harrod), अभिनेत्री नताशा मैकइलोन (Natascha   McElhone),उपन्यासकार चोगोज़ी ओबियोमा  (Chigozie Obioma) और लेखक और पूर्व आर्कबिशप रोवन विलियम्स (Rowan Williams) शामिल थे। 


वर्ष 2021 के बुकर प्राइज़ के लिए जिन उपन्यासों को शॉर्ट लिस्ट किया गया है वह निम्न हैं:

वर्ष 2021 के बुकर प्राइज़ के लिए शॉर्ट लिस्ट हुये उपन्यासों की सूची हुई जारी
बुकर 2021 के लिए शॉर्ट लिस्ट हुए उपन्यास



अ पैसिज नॉर्थ (A Passage North)

अ पैसिज नॉर्थ (A Passage North) श्रीलंकाई लेखक अनुक अरुदपरागसम (Anuk Arudpragasam) का दूसरा उपन्यास है।  यह कृष्णन की कहानी है और कहानी है उस देश की जहाँ हो रहे निरंतर गृहयुद्ध ने वहाँ के जीवन को पूरी तरह बदल दिया है। 

कृष्णन को एक टेलीफोन के चलते यह खबर मिलती है कि उसकी दादी का ख्याल रखने के रखी गयी रानी की मृत्यु गाँव में रहस्यमय परिस्थितियों के चलते हुई है। रानी की लाश कुएँ में पायी गयी थी और उसकी गर्दन टूटी हुई थी। इस खबर से कुछ ही वक्त पहले कृष्णन को अंजुम का एक ईमेल मिला था जिसने उसकी पुरानी यादों को पुनर्जीवित कर दिया था। अंजुम एक सामाजिक कार्यकर्ता थी जिसे कृष्णन कभी प्यार किया करता था। 

कृष्णन रानी के अंतिम संस्कार के लिए कॉलंबो से ट्रेन पकड़ उत्तरी इलाके की तरफ बढ़ चला है। अपनी इस यात्रा में वह देश के उन अंदरूनी इलाकों से होकर गुजरता है जहाँ पर गृह युद्ध ने  सबसे ज़्यादा नुकसान किया है। इस यात्रा के माध्यम से लेखक ने श्रीलंका के इतिहास और गृहयुद्ध ने जो इस देश के सीने में घाव दिये हैं उन्हे उजागर किया है। 


किताब लिंक: अमेज़न


द प्रामिस (The Promise)

दक्षिण अफ्रीकी लेखक डैमन गैलगट (Damon Galgut) का उपन्यास द प्रामिस (The Promise) एक गोरे दक्षिण अफ्रीकी परिवार की कहानी है। यह परिवार प्रेटोरिया के बाहरी हिस्से में एक फार्म में रहता है। परिवार के सदस्य माँ के अंतिम संस्कार के लिए इकट्ठा हुए हैं। परिवार की नई पीढ़ी परिवार के उन मूल्यों से नफरत करती है जिसके लिए यह परिवार कभी जाना जाता था। 

कभी इस परिवार के सदस्यों ने परिवार की सेवा करने वाली अफ्रीकी नीग्रो महिला सैलोम को उसकी सेवा के बदले में एक अलग घर और जमीन देने का वादा किया था । पर दशक गुजरते चले गए लेकिन यह वादा एक वादा ही रहा। 

उपन्यास का कथावाचक इस परिवार के हर सदस्य के किरदार को पाठक के समक्ष उघाड़ता है।  दक्षिण अफ्रीका के समाज में जो जो बदलाव हुए और इस बदलाव के चलते लोगों ने क्या खोया है और क्या पाया है वह इसको इस परिवार के माध्यम से दर्शाता है। 


किताब लिंक: अमेज़न


नो वन इस टॉकिंग अबाउट दिस (No One is talking about this)

नो वन इन टॉकिंग अबाउट दिस (No One is talking about this) अमरेकी लेखिका पैट्रिशिया लॉकवुड (Patricia Lockwood) का उपन्यास है।

यह एक ऐसी औरत की कहानी है जिसकी दुनिया इन्टरनेट है। वह इन्टरनेट की दुनिया में अपने वायरल पोस्ट्स के लिए जानी जाती है और अब वह एक वर्ल्ड टूर कर रही है जहाँ पर वह दुनिया के अलग अलग हिस्सों में जाकर अपने प्रशंसकों से मिल रही है। यही उसकी दुनिया है। 

लेकिन फिर जब उसे उसकी माँ के दो संदेश "कुछ बुरा हो गया है " और "तुम कितनी जल्दी घर आ सकती हो? " मिलते हैं तो वह अंतर्जाल के इस संसार से असल दुनिया में खींच दी जाती है। जैसे जैसे वह औरत आभासी दुनिया से असल दुनिया की तरफ की यह यात्रा करती है तो वह पाती है कि असल दुनिया और आभासी दुनिया में क्या फर्क है।  


किताब लिंक: अमेज़न


द फॉर्चून मेन (The Fortune Men) 

ब्रिटिश सोमाली लेखिका नादीफा मोहम्मद (Nadifa Mohamed) का उपन्यास द फॉर्चून मेन (The Fortune Men) 1952 के कार्डिफ़ के टाइगर बे में बसाई गयी कहानी है। महमूद मैटन टाइगर बे का निवासी है जहाँ सोमाली और वेस्ट इंडियन नाविकों, माल्टा के व्यापारियों और यहूदियों की भरमार है। वह पिता है, ठग है और कभी कभी चोरी चकारी भी कर लेता है लेकिन वह खूनी नहीं है। 

इसलिए जब एक दुकानदार की हत्या हो जाती है और सबका शक उस पर जाता है तो वह इतना घबराता नहीं है। यह बात सच है कि जब से उसकी बीवी लौरा उसे छोड़कर गयी है तब से वह छोटे मोटे आपराधिक मामलों  में  फँसता रहा है लेकिन उसे विश्वास है कि इस देश में न्याय होता है और इसलिए उस बेगुनाह को सजा नहीं मिलेगी।

लेकिन  जैसे जैसे मामला आगे बढ़ता है वैसे वैसे महमूद को यह अहसास होने लगता है कि उसका सोचना कितना गलत है। आजादी उसके लिए एक ख्वाब लगने लगती है और उसे इस बात का अहसास होने लगता है कि केवल सच्चाई ही उसे बचाने के लिए काफी नहीं होगी। 

किताब लिंक: अमेज़न


बिवाइल्डरमेंट (Bewilderment) 

अमरिकी लेखक रिचर्ड पावर्स (Richard Powers) का उपन्यास एक युवा ऐस्ट्रोबायोलॉजिस्ट थियो बिर्न और उसके बेटे रॉबिन की कहानी है।  

थियो बिर्न ने कई प्रकाश वर्ष दूर मौजूद ग्रहों में जीवन को खोजने का तरीका ढूंढ लिया है। पर एक ऐस्ट्रोबायोलॉजिस्ट होने के साथ साथ वह एक नौ वर्षीय लड़के का पिता है। उसका  बेटा एक हँसमुख प्यारा बच्चा है जिसकी अपनी योजनाएँ हैं। वह एक संवेदनशील बच्चा है जो जानवरों से बेहद प्यार करता है और तस्वीरें बनाते हुए कई घंटे बिता सकता है। लेकिन उसका एक दूसरा रूप भी है। वह एक दुर्लभ बीमारी से ग्रसित है और अब वह अपने विद्यालय से निकाल दिया जाने वाला है।  उसने अपने दोस्त के चेहरे को थर्मस से मार कर चोटिल कर दिया है। 

रॉबिन का इलाज करने का जो एक मात्र तरीका थियो को बताया गया है वह उसे साइको ऐक्टिव ड्रग देना है। ऐसा करना रॉबिन के ऊपर क्या असर डालेगा उसे इसका पता नहीं है। वह रॉबिन को किस तरह संभाल सकता है इसकी  भी थियो को कोई जानकारी नहीं है। अपने बेटे के सवालों का जवाब उसके पास नहीं है। 

बिवाइल्डरमेंट (Bewilderment)  थियो के इसी संघर्ष की कहानी है। एक बाप बेटे के रिश्ते की कहानी है। 

किताब लिंक: अमेज़न


ग्रेट सर्कल (Great Circle)

ग्रेट सर्कल (Great Circle) मैगी शिपस्टेड (Maggie Shipstead) का उपन्यास है। एक विवादो से घिरी रहने वाली अदाकारा किस तरह से जाब एक रोल लेती है तो एक अनसुलझे रहस्य के नजदीक पहुँचती है यह उसी की कहानी है।  

फाईटर पायलट मरीयन ग्रेव्स का जीवन रोमांच और आजादी की चाह में ही बिताया गया था।  वर्ष 1950 में उसने अपने उस सपने को पूरा करने की ठानी थी जिसे वह न जाने कब से देखते आ रही थी। उसने अपने हवाई जहाज में पूरी धरती का चक्कर काटने का इरादा कर लिया था। वह अपने इस सफर पर निकली तो सही लेकिन फिर वह गायब हो गयी। उसके साथ क्या हुआ यह किसी को पता नहीं चल पाया।  

मरीयन ग्रेव्स के गायब होने के पचास साल बाद हैडली बैक्सटर, जिसका ऐक्टिंग जीवन विवादों के चलते बिगड़ता जा रहा है, के पास जाब मरीयन के किरदार को निभाने का मौका मिलता है तो वह झट से उसे निभाने का फैसला कर लेती है। हैडली के अभिभावकों की भी विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गयी थी और शायद इसने भी उसे इस रोल की तरफ आकर्षित करा था। पर वह क्या जानती थी कि इस रोल के कारण वह उस पायलट के गायब होने के कारणों के तह तक पहुँच जायेगी। 

किताब लिंक: अमेज़न


तो यह थी बुकर 2021 के लिए शॉर्ट लिस्ट की गयी किताबें।  2021 बुक प्राइज़ विजेता की घोषणा 3 नवंबर 2021 को की जायेगी।  बुकर प्राइज़ के विजेता को पचास हजार पाउंड  की सम्मान राशि प्रदान की जायेगी। 


बताते चले 1969 में शुरू हुए बुक प्राइज़ अंग्रेजी में लिखे साहित्य के लिए दिये जाने वाले सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक माने जाते हैं। शुरुआत में यह पुरस्कार यूके और आयरलैंड के लेखकों को ही दिये जाते थे लेकिन 2013 में इन पुरस्कारों पात्रों के नियम में बदलाव कर इन्हे सभी देशों के अंग्रेजी लेखको के लिए खोल दिया गया था। 

FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.

Post a Comment

2 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
  1. आपकी इस प्रविष्टि के लिंक की चर्चा कल बुधवार (22-09-2021) को चर्चा मंच       ‘तुम पै कौन दुहाबै गैया’  (चर्चा अंक-4195)  पर भी होगी!--सूचना देने का उद्देश्य यह है कि आप उपरोक्त लिंक पर पधार करचर्चा मंच के अंक का अवलोकन करे और अपनी मूल्यवान प्रतिक्रिया से अवगत करायें।

    हार्दिक शुभकामनाओं के साथ।
    डॉ. रूपचन्द्र शास्त्री 'मयंक' 

    ReplyDelete
    Replies
    1. जी चर्चा अंक में मेरी प्रविष्टि शामिल करने के लिए हार्दिक शुक्रिया....

      Delete

Top Post Ad

Below Post Ad

चाल पे चाल